

सरायपाली। केन्द्रीय विद्यालय सरायपाली में दो दिवसीय स्काउट एवं गाइड कैंप का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के लगभग 130 स्काउट एवं गाइड छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पूरे परिसर में अनुशासन, उत्साह और टीम-वर्क की अद्भुत छाप देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री अजाम्बिल बेहरा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में स्काउटिंग की उपयोगिता, आत्मनिर्भरता, सेवा-भाव तथा नेतृत्व कौशल की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना, अनुशासन और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इसके बाद वरिष्ठ शिक्षक डॉ. प्रेमकुमार पांडेय ने अपने संबोधन में स्काउट गाइड आंदोलन के इतिहास, उद्देश्यों और विद्यार्थियों को मिलने वाले व्यावहारिक जीवन–अनुभवों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने छात्रों को ईमानदारी, तत्परता और सेवा-धर्म को जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
शिविर का संचालन स्काउट मास्टर श्री शांति कुमार तिर्की, श्री अरुण कुमार दीप तथा श्री टिकेलाल भोई एवं गाइड कैप्टन वंदिनी जौहरी (के.वी.महासमुंद ),मुकेश कुमारी एवं प्रिया बंसल एवं सहयोगी टीम द्वारा तत्परता से किया गया। शिविर में गांठें बांधने की कला, प्राथमिक उपचार, टेंट निर्माण, परेड अभ्यास, खेल-गतिविधियाँ, टीम नेतृत्व प्रशिक्षण, और पर्यावरण संरक्षण जैसे विविध सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर उनकी क्षमताओं को निखारने का सफल प्रयास किया।
कैंप में शामिल विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रत्येक गतिविधि में भाग लिया और नई–नई स्काउटिंग तकनीकों का अभ्यास किया। समापन सत्र में कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा ऐसे आयोजन को अत्यंत सफल और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन का आश्वासन दिया गया।
इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित होता है।
