

अलीगढ़ न्यूज
महिलाओं और श्रमिक परिवारों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में श्रम विभाग द्वारा बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कन्या विवाह योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना और मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के अंतर्गत 6 लाभार्थियों को 4,33,000 के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान उप श्रम आयुक्त नदीम अहमद ने बताया कि कन्या विवाह योजना का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करना है, जिससे श्रमिक परिवारों पर आर्थिक भार कम हो सके और बेटियों के विवाह में सम्मानजनक सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग निरंतर श्रमिक वर्ग की सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए समर्पित है।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दी गई सहायता राशि की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कन्या विवाह योजना के तहत हरभेजी, ज्ञानदेवी, मंजुरानी को 55-55 हजार रूपये, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना में दुर्गेश देवी को 12 हजार रूपये, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना में भूपेंद्र को 31 हजार रूपये और मनोरमा देवी को मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना में 2 लाख 25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि योजनाओं का लाभ पाने के लिए ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से शासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रहा है, जिनसे समाज के कमजोर तबके को नई दिशा मिल रही है। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थी महिलाओं और श्रमिक परिवारों ने शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और नई उम्मीद लेकर आई है। कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारीगण, लाभार्थी महिलाएं एवं श्रमिक परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।