शिव मंदिर में चोरी करने वाला दूसरा वांछित भी दबोचा, घंटे बेचकर मिले रुपयों संग भेजा जेल
सावन के महीने में बारिश के दौरान साथी मुकेश के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम।
बरेली आंवला थाना पुलिस ने क्षेत्र के बीहट गांव स्थित शिव मंदिर में ताला तोड़कर चोरी करने की घटना में शामिल दूसरे वांछित आरोपी को भी गुरुवार 15 अक्टूबर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से मंदिर के घंटे को कबाड़ी को बेचकर प्राप्त की गई रकम में से ₹1510 की नकदी बरामद की है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गत 22 अगस्त को बीहट गांव के रहने वाले घलेंद्र ने आंवला थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने गांव के शिव मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी और पीतल के घंटे चोरी कर लिए हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान तत्परता दिखाते हुए आंवला पुलिस ने बीते 1 सितंबर को घटना में शामिल एक आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई थीं। तभी से पुलिस इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार एवं मुख्य आरक्षी ब्रजकिशोर शर्मा की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आंवला-रामनगर रोड से मनौना जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी की और वहां से वांछित आरोपी मौज्जिम पुत्र असफाक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मौज्जिम मोहल्ला घेर, कस्बा व थाना सिरौली का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर सावन के महीने में बारिश के दौरान रात करीब 1 बजे मंदिर का ताला तोड़ा था और दानपात्र से रुपये व घंटे साफ कर दिए थे। माल के बंटवारे में उसे बड़ा घंटा मिला था, जिसे उसने एक कबाड़ी को बेच दिया। घंटे को बेचने से मिली रकम में से उसके पास ₹1510 बचे थे, जिसे पुलिस ने उसके पास से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे जेल भेज दिया है।
