


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार हर्षोल्लास एवं अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे की ईदगाह सहित लगभग दो दर्जन मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज़ के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, अधिशाषी अधिकारी सीमा तोमर, तहसीलदार शिखर मिश्रा तथा नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं कस्बे की सभी प्रमुख मस्जिदों एवं संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल (आईएएस) एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने भी ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।नमाज़ अदा होने के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया, जो आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगा। पूरे कस्बे में भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
