

सिंगरौली प्रदेश में ऊर्जा का सुपर पावर हाउस है : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने सिंगरौली को 552 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की सौगात दीसिंगरौली : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली जिले के 18वें स्थापना दिवस समारोह में कहा कि भगवान ने सिंगरौली को खनिज पदार्थों का वरदान दिया है। यहां के लोगों में परिश्रम और प्रतिभा की विशेष कृपा है। यहां के लोगों को भगवान ने विशेष प्रतिभा दी है, यहां सोने जैसे मन वाले लोग हैं और यह प्रदेश का एकमात्र जिला है, जहां की धरती में भी सोना है। सिंगरौली तेजी से विकास कर रहा है। सिंगरौली प्रदेश में ऊर्जा का सुपर पावर हाउस है। यहां के प्रतिभाशाली पांच बच्चों ने बोर्ड परीक्षा की मेरिट में स्थान बनाया है। वर्तमान और भविष्य, दोनों सिंगरौली के हैं।मुख्यमंत्री ने एनटीपीसी के उमंग सभागार में आयोजित समारोह में कहा कि राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं और मथुरा में भगवान कृष्ण भी मुस्कुराएंगे। हमने सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण शुरू किया है। ये विद्यालय प्रदेश में आधुनिक शिक्षा का परचम लहराएंगे। भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन आकर गुरु सांदीपनि से शिक्षा प्राप्त की थी और युद्ध के मैदान में गीता का सुंदर उपदेश दिया। हम प्रदेश के प्रत्येक नगर में गीता भवनों का निर्माण कर सनातन ज्ञान की विरासत को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। प्रदेशभर में गुड़ी पड़वा से 30 जून तक जल संरक्षण और संवर्धन के लिए ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाया जा रहा है। देश में जल संरक्षण के सर्वाधिक कार्य मध्यप्रदेश में हुए हैं। गंगा दशहरा के एक दिन पहले पूरे प्रदेश में जल संरक्षण के कई बड़े आयोजन किए जाएंगे। हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली उत्पादन 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 25 हजार मेगावाट हो गया है। प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के साथ-साथ हम दूसरे राज्यों को भी बिजली दे रहे हैं। दिल्ली मेट्रो भी हमारी बिजली से संचालित हो रही है। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने बहनों को 1500 रुपये दिए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में खाड़ी युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक संकट के बावजूद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास कर रहे हैं। इस संकट के बीच भी हम किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर 100 लाख टन से अधिक गेहूं का उपार्जन करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर उपार्जन की अवधि भी बढ़ाई जाएगी। ऊर्जा संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम सब मिलकर ऊर्जा संरक्षण में योगदान दें। मैंने भी आज वाहनों का काफिला छोड़कर हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक बस से यात्रा की है।”मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली जिले को आज 552 करोड़ रुपये की लागत के 71 निर्माण कार्यों की सौगात दी गई है। लाड़ली बहनों को गैस अनुदान के रूप में 114.97 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। समाज कल्याण योजनाओं से लाभान्वित 69.71 लाख हितग्राहियों को 202 करोड़ 26 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने सभी सिंगरौलीवासियों को जिले के 18वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सिंगरौली के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हमारी सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है।समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।समारोह में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंगरौली के स्थापना दिवस पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने सिंगरौली एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस स्टैंड एवं गौ अभ्यारण्य निर्माण की मांग रखी। विधायक रामनिवास शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी। समारोह में मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान भी किया।इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन विधायक राजेंद्र मेश्राम,विश्वामित्र पाठक,कुंवर सिंह टेकाम, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, सुभाष वर्मा, कमिश्नर रीवा बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर गौरव बेनल, पुलिस अधीक्षक शिराज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
