

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र में देर रात खड़ी चार पहिया वाहन में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुस्करा थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैना निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र बाबूलाल, जो वर्तमान में मौदहा कस्बे के मराठी बगिया मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर काम करते हैं, ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी चार पहिया गाड़ी संख्या UP78 CZ 6492 कमरे के बाहर मैदान में खड़ी थी। आरोप है कि बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाड़ी के पिछले हिस्से में पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।
कोतवाली प्रभारी सन्तोष सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है l सीसीटीवी फुटेज जांच कर मामले को जल्द ही खुलासा किया जाएगा।