

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। NH-34 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से गुस्साए हजारों महिला-पुरुष गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए। डिवाइडर निर्माण और हाईवे चौड़ीकरण की मांग को लेकर जिले भर के गांवों से आए लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा डीएम के बाहर न आने पर लोगों का गुस्सा और भड़क उठा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि NH-34 पर आए दिन हादसे हो रहे हैं और यह सड़क अब “खूनी हाईवे” के नाम से जानी जाने लगी है। लोगों ने आरोप लगाया कि डिवाइडर और सड़क चौड़ीकरण न होने के कारण कई परिवार उजड़ चुके हैं। इस हाईवे ने कई बहनों के भाइयों और मांओं के बेटों को मौत के आगोश में ले लिया, लेकिन जिम्मेदार अब तक गंभीर नहीं हुए।
भीषण गर्मी के बीच घंटों चले प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने महिलाओं को संभाला और पानी पिलाकर राहत पहुंचाई। उग्र भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी डीएम को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि डीएम ज्ञापन लेने बाहर नहीं आए। इससे नाराज लोगों में मायूसी और आक्रोश दोनों देखने को मिला। अंततः प्रदर्शनकारी प्रशासन के रवैये से निराश होकर वापस लौट गए, लेकिन चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।