A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक संपन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर के सख्त निर्देश

गणेश पाण्डे डिंडोरी  11 मई 2026

  डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के जिम्मेदारीपूर्वक निराकरण नहीं किए जाने तथा सीएम डैशबोर्ड के केपीआई रिपोर्ट में विभागीय अधिकारियों के असंतोषजनक प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, नगरपालिका अधिकारी डिंडौरी एवं शहपुरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, पशुपालन अधिकारी, खनिज अधिकारी तथा खाद्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम जन-मन आवास, पीएम धरती आबा आवास, ग्रामीण आवास, स्वास्थ्य भारत मिशन, जल गंगा संवर्धन अभियान, अवैध उत्खनन एवं अवैध परिवहन, साथ ही मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए ।

Related Articles

कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को निर्देशित किया कि पीएम धन-धान्य योजना में पंजीकृत किसानों को विभागीय योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने राजस्व वसूली, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अवैध भंडारण संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारी को लक्ष्य अनुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए कहा ।

कलेक्टर ने समस्त एसडीएम को अपने-अपने अनुभागों में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने हेतु विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यक बस्तियों तथा ग्राम पंचायत तांतर में दो दिवस के भीतर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पंकज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!