

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
कुरारा हमीरपुर। थाना कुरारा क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर मजरा भौली में बुधवार देर शाम यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने लापता छठवें बच्चे का शव भी बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ लोग शाम को तरबूज खाने के लिए नाव से नदी पार कर रहे थे।

इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग नदी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी सदर तथा थाना कुरारा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी तथा स्थानीय गोताखोरों की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सीएचसी कुरारा भेजा गया। वहीं सर्च अभियान के दौरान बृजरानी पत्नी पप्पू निषाद (35 वर्ष), अर्चना पुत्री सर्वेश (14 वर्ष), रानी पुत्री बच्चन (9 वर्ष), आकांक्षा पुत्री रामहित (9 वर्ष), लव्यांश पुत्र पप्पू (5 वर्ष) सहित एक अन्य बच्चे का शव बरामद किया गया।
एडीजे जोन प्रयागराज ने भी घटना स्थल पर जाकर की जांच

घटनास्थल का निरीक्षण अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल तथा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने किया। अधिकारियों ने राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इधर, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति तथा क्षेत्रीय विधायक मनोज प्रजापति भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता व मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।