A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर व्यापक मंथन

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान तथा व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

Related Articles

बैठक में जीएसटी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं एवं भ्रांतियों पर अधिकारियों ने व्यापारियों को आवश्यक जानकारी दी और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। नए पंजीकरण में आ रही दिक्कतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए। साथ ही एक ही स्थान पर कैंप लगाकर व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को कहा।

व्यापारियों ने सड़क निर्माण, जल निकासी हेतु नाला निर्माण, मुख्य बाजारों में शौचालय व्यवस्था, छुट्टा पशुओं की समस्या, ट्रांसफार्मरों की स्थापना, विद्युत ट्रिपिंग, पेयजल आपूर्ति और अतिक्रमण जैसे मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यापारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए नगर क्षेत्र के विकास के लिए प्रभावी कम्पोजिट प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।

ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जल संस्थान को पेयजल संकट न होने देने तथा जरूरत पड़ने पर टैंकरों से निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी भी साझा की गई और अधिक से अधिक व्यापारियों को योजना से जोड़ने पर बल दिया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, उपायुक्त राज्य कर कृष्ण प्रकाश, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!