A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :ट्रक और ओमनी वैन की भिड़ंत, चार की मौत, तीन गंभीर

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

मौदहा, हमीरपुर। नेशनल हाईवे-34 पर छिरका के निकट बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक और ओमनी वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ओमनी वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

Related Articles

बताया गया कि कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामर से एक बारात कबरई थाना क्षेत्र के ग्राम खडडी पहरा जा रही थी। बारात में शामिल कुछ लोग ओमनी वैन से जा रहे थे। जैसे ही वाहन छिरका के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में उर्दना निवासी मोहन (20) पुत्र रामसेवक, तिंदुही निवासी आशीष (30) पुत्र करन सिंह, कमलेश निवासी डामर तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित (19) पुत्र राधेश्याम निवासी तिंदुही, दिलीप (24) पुत्र गनेशा कुशवाहा निवासी उर्दना और बाबूजी निवासी डामर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए घायलों को बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का जमावड़ा लगा रहा। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मौके पर तहसीलदार शिखर मिश्रा, कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह, नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Check Also
Close
Back to top button