

मतदाता जागरूकता हुआ कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने ‘स’ (स्पेशल) और ‘र’ (रिवीजन) की बनाई मानव श्रृंखला
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
डीग। डीग के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, नगला मोती में गुरुवार को मतदाता जागरूकता पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने ‘स’ (स्पेशल) और ‘र’ (रिवीजन) की मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मताधिकार के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश सिंह ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य उन विद्यार्थियों को जागरूक करना है, जो जल्द ही 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। इस अवसर पर स्कूल के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रभारी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। प्रभारी ने नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों और बीएलओ की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक मानव पिरामिड भी बनाया। यह पिरामिड लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की शक्ति और सामूहिक भागीदारी से मिलने वाली मजबूती का प्रतीक था। विद्यार्थियों ने इस गतिविधि के माध्यम से सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।