
कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा बैठक संपन्न, यातायात सुधार हेतु दिए गए अहम निर्देश पुल सुधार, बेरिकेडिंग और चालानी कार्रवाई पर जोर, अज्ञात वाहन प्रकरणों को गंभीरता से लेने के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को बड़चिचोली पर बनी पुलिया को सीधे करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश ने नांदनवाड़ी सड़क पर बेरिकेड्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात को व्यवस्थित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री कनेश ने यातायात पुलिस को प्रतिदिन 2 घंटे चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए, जिससे यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अज्ञात वाहन प्रकरणों को गंभीरता पूर्वक लेने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों जैसे दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियंत्रण, सड़क सुधार एवं जनजागरूकता पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करें।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, एसडीओपी श्री बृजेश भार्गव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।