A2Z सभी खबर सभी जिले की

जल संरक्षण, अवैध खनन पर सख्ती और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक सम्पन्न

कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक सम्पन्न

जल संरक्षण, अवैध खनन पर सख्ती और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

जिले में प्रशासनिक कार्यों को गति देने और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड सौसर से एसडीएम श्री सिद्धार्थ पटेल एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए, जिससे दोनों स्तरों पर समन्वय स्थापित कर योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण को जिले की प्राथमिक आवश्यकता बताते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री श्री सुभाष गाडगे से जल संचय अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Related Articles

जल संसाधन विभाग को नहरों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए एक ठोस और समयबद्ध रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती सूर्यवंशी से वाटर सेट की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

अवैध खनन पर सख्त रुख, जिम्मेदार अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
लोधीखेड़ा क्षेत्र में कन्हान नदी से हो रहे अवैध खनिज परिवहन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने खनिज अधिकारी श्री महेश नगपुरे को तहसीलदार के सहयोग से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि हाल ही में अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग को ग्राम कारवार निवासी श्रीमती सीमा पति हेमंत परिहार की आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री मानधन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

समाज के कमजोर वर्गों के लिए संवेदनशील पहल

सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्राम राजना निवासी कुमारी अमीषा एवं कुमारी रितिका, जिनके माता-पिता का निधन हो चुका है, को बाल आशीर्वाद योजना एवं संबल योजना का लाभ दिलाने के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय अंतर्गत केंद्रीय जल आयोग के निर्देशों के अनुपालन में तहसील सौसर के बिच्छू बग्गू क्षेत्र में रेत खनन गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी सौसर श्री सिद्दार्थ पटेल को निर्देशित किया गया। साथ ही सौसर विकासखंड में आदिवासी कोरकू/मावशी जाति के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को पांढुर्णा मोक्षधाम से लिटिल फ्लावर स्कूल होते हुए नीलकंठ धावड़ी खापा रोड के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

संबल योजना के अंतर्गत ग्राम भूम्मा निवासी श्री रामदीन टेकाम को लाभान्वित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के तहत आईएमआईएस पोर्टल पर ग्रामों एवं बसाहटों के सत्यापन तथा ग्राम कौड़िया में योजना स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य आपूर्ति अधिकारी को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों से ई-केवाईसी फॉर्म प्राप्त कर एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा गेहूं उपार्जन कार्य में पारदर्शिता एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत शासकीय आईटीआई को मेला आयोजित करने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा समय-सीमा से बाहर मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!