
जनगणना 2027 प्रशिक्षण: सौसर और पांढुर्णा में अलग-अलग कार्यक्रम, गुणवत्ता और सटीकता पर जोर
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
सौसर/पांढुर्णा, 20 अप्रैल 2026। जनगणना 2027 के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला में सौसर और पांढुर्णा में अलग-अलग स्थानों पर महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रशिक्षण की गुणवत्ता, डेटा की शुद्धता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
सौसर में प्रशिक्षण का निरीक्षण, दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
नगर पालिका परिषद सौसर में आयोजित 3 दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मास्टर ट्रेनर श्री नरेन्द्र बाम्बल ने निरीक्षण कर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रतिभागियों की सहभागिता और जनगणना कार्य की बारीकियों का गहन अवलोकन किया।

श्री बाम्बल ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि प्रत्येक जानकारी की सटीकता एवं पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की जिज्ञासाओं को सुना और उनके प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान भी किया, जिससे प्रशिक्षण और अधिक प्रभावी बना।
पांढुर्णा में जिला प्रभारी का मार्गदर्शन
वहीं पांढुर्णा में नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना प्रभारी श्री कैलाशचन्द्र साहु ने सहभागिता कर प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने सटीक एवं समयबद्ध डेटा संकलन, दायित्वों के प्रभावी निर्वहन तथा कार्य के प्रति जिम्मेदारी और सजगता पर विशेष जोर दिया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को आगामी जनगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दोनों ही स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे अमले को दक्ष, जागरूक और उत्तरदायी बनाना रहा। अधिकारियों के मार्गदर्शन से प्रशिक्षण सत्रों में गंभीरता और प्रभावशीलता देखने को मिली, जिससे आगामी जनगणना कार्य के सफल संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।