
उर्दूभाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन प्रतियोगिता” का आयोजन

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

जहानाबाद। ग्राम प्लेक्स भवन में शनिवार को उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से “उर्दूभाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, जहानाबाद के तत्वावधान में यह कार्यक्रम समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता बिहार सरकार के उर्दू निदेशालय की योजनाओं के तहत आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में विभिन्न शैक्षणिक स्तरों के अनुसार अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैट्रिक समकक्ष (फौकानिया) स्तर पर “नज़्म और रुबाई: तारीफ़ व तौज़ीह” विषय पर 15 प्रतिभागियों ने अपनी साहित्यिक समझ प्रस्तुत की।
इंटर समकक्ष (मौलवी) स्तर पर “फ़न अफ़साना निगारी: एक जायज़ा” विषय निर्धारित था, जिसमें 11 विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वहीं, ग्रेजुएशन समकक्ष (आलिम) स्तर पर “नावेल निगारी: आगाज़ व इरतिका” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने लेखन कौशल और गहरी साहित्यिक पकड़ का परिचय दिया। कार्यक्रम में जिले की उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि उर्दू हमारी समृद्ध और पुरानी भाषा है, जिसे संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए बिहार सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस भाषा के अध्ययन और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से न केवल उर्दू भाषा का संरक्षण और विकास होता है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सृजनात्मकता भी बढ़ती है।