
बानसूर। सीबीएसई बोर्ड कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में आरसीआई स्कूल बानसूर ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले में गुणात्मक रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। विद्यालय के सभी 28 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। इसके साथ ही 28 में से 10 विद्यार्थियों ने 88% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 17 विद्यार्थियों ने 75% से अधिक अंक हासिल कर क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया।

छात्र रूद्र शर्मा ने 92.20% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। दीक्षित यादव ने 92%, दीप्ति राठौर ने 90.2%, अमित अधाना, अंकुश, अरुण सूद और नितिन यादव ने 88.80%, गुंजन यादव ने 88.60%, मनीष यादव ने 88.20% तथा प्रियांशु ने 88% अंक प्राप्त किए।

विद्यालय प्रांगण में 88% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को माला, साफा, दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। सभी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।
निदेशक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि आरसीआई की टीम टॉपर्स के साथ एवरेज विद्यार्थियों को भी अच्छे परीक्षा परिणाम तक पहुंचाने के लिए हमेशा कड़ी मेहनत करती है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. विजय कुमार ने कहा कि संपूर्ण जिले में आरसीआई एकमात्र ऐसा शिक्षण संस्थान है जहां सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। क्षेत्र का यह एकमात्र विद्यालय है जिसका 100% परीक्षा परिणाम रहा है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और समस्त स्टाफ को शुभकामनाएं दीं। समारोह में सहनिदेशक भूप सिंह यादव, प्रधानाचार्य लक्ष्मण प्रसाद, मनोज कुमार, उप प्रधानाचार्य रवि जांगिड़ सहित समस्त स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे।