
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के बड़ा कसौड़ा मोहल्ले में सोमवार सुबह वर्षों से जर्जर हालत में खड़ा एक पुराना मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मलबा सड़क पर फैल जाने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आसपास के एक मकान को भी आंशिक क्षति पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जाता है कि मकान काफी समय से खस्ताहाल था। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान के बीच से बिजली का पोल गुजरने के कारण उसका पुनर्निर्माण नहीं हो पा रहा था। लोगों ने पूर्व में भी संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
घटना से पहले मकान गिरने की आशंका को देखते हुए मोहल्ले के लोगों ने एहतियातन दोनों ओर से रास्ता बंद करा दिया था। कुछ देर बाद मकान ढह गया और मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मलबा हटाकर जल्द रास्ता चालू कराने तथा पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

