
डिंडोरी: 16 अप्रैल 2026
खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार गुरुवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान जबलपुर बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित कई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान श्री गुरु कृपा जैन भोजनालय (प्रोपराइटर शैलेंद्र जैन) बिना वैध पंजीयन के संचालित पाया गया। साथ ही यहां खाद्य पदार्थ खुले में विक्रय किए जा रहे थे। प्रशासन ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करवा दिया। खाद्य पदार्थों में उपयोग किए जा रहे पके तेल और टमाटर चटनी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि वैध पंजीयन प्राप्त करने और आवश्यक शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही पुनः संचालन की अनुमति दी जाएगी।
इसी क्रम में मोले होटल (प्रोपराइटर मोले दास) में भी निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई का अभाव और खुले में खाद्य विक्रय पाया गया। किचन की स्थिति असंतोषजनक मिलने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा जसवंत किराना (जसवंत सिंह) और सरोज किराना (सज्जन ठाकुर) का भी निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मनोहर चाय (अनुराग वैश्य) से कोकोनट वाटर और बिस्किट के नमूने लिए गए, जबकि श्री नर्मदा फूड एंड बेवरेज (आयुष पाठक) से एनर्जी ड्रिंक का सैंपल जांच हेतु भेजा गया।
मदन होटल (प्रोपराइटर मदन वर्मन) में अत्यधिक गंदगी, टूटा-फूटा फर्श, पानी की निकासी की खराब व्यवस्था और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण पाया गया। यहां भी सुधार सूचना नोटिस जारी करते हुए फर्श मरम्मत और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमति प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उल्लंघन पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए खाद्य संचालकों और आम जनता को खाद्य सुरक्षा और सुरक्षित भंडारण के संबंध में जागरूक किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।