


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
जरिया (हमीरपुर)। थाना जरिया क्षेत्र में बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार इटैलिया बाजा गांव निवासी पवन तिवारी (36) पुत्र संतोष तिवारी और कुलदीप मिश्रा (32) पुत्र द्वारिका प्रसाद बुधवार रात एक ही बाइक से कहीं जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे गोहांड-चंडौत मार्ग पर नीरा बाबा मंदिर के सामने ब्रजरानी पैलेस के पास उनकी बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी दिनेश कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहांड पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार का माहौल बन गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और देर रात तक लोगों का मृतकों के घरों पर तांता लगा रहा।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे में शामिल लोडर की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
