
बानसूर। जीएम स्कूल मोठूका ने इस वर्ष भी कक्षा 10 के सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 100% परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। विद्यालय के सुमित कुमार ने 91.60% अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि अंकित पलसाना 91% अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

विद्यालय की प्रिंसिपल ममता पोनिया ने बताया कि जीएम स्कूल मोठूका बानसूर क्षेत्र का सबसे पहला सीबीएसई स्कूल है जो हर बार 100% परिणाम देता आ रहा है। इस बार भी सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद विद्यालय ने बड़े शहरी विद्यालयों को परिणाम में पीछे छोड़ दिया है।
प्रिंसिपल ममता पोनिया ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के पूर्व प्रिंसिपल स्व. डॉ. सीपी सिंह की मेहनत और लगन को दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम स्व. डॉ. सीपी सिंह के समर्पण और दूरदृष्टि का नतीजा है। विद्यालय आगे भी उनके दिखाए मार्ग और आदर्शों पर चलेगा और उनके सपनों को साकार करने के लिए और कड़ी मेहनत करेगा।
स्कूल प्रबंधन ने उत्कृष्ट परिणाम पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। प्रिंसिपल ने कहा कि नियमित कक्षाओं, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के कारण यह सफलता मिली है। विद्यालय का लक्ष्य स्व. डॉ. सीपी सिंह के विजन को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और हर वर्ष बेहतर परिणाम देना है।