

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 03 से 07 वर्ष तक के दिव्यांग बच्चों के लिए “बचपन डे-केयर सेंटर” संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस केंद्र के माध्यम से छोटे दिव्यांग बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, देखभाल और विकासात्मक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके लिए उपयुक्त भवन की तलाश की जा रही है। विभाग ने ऐसे भवन की आवश्यकता बताई है जिसमें कम से कम 07 कमरे और 02 शौचालय (जिसमें एक बाधा रहित हो) उपलब्ध हों। साथ ही भवन में 15 से 20 बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, जहां बच्चे कुर्सियों पर बैठकर पढ़ाई कर सकें। बच्चों के खेलने के लिए बाउंड्री से घिरी खुली जगह भी अनिवार्य रखी गई है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भवन ऐसे स्थान पर होना चाहिए जहां वैन या टैक्सी का आवागमन आसानी से हो सके, ताकि बच्चों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा सुनिश्चित की जा सके। विशेष रूप से कुच्छेछा और सुमेरपुर के मध्य स्थित भवनों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनपद के ऐसे भवन स्वामियों से अपील की है जिनके पास उपरोक्त मानकों के अनुरूप भवन उपलब्ध हो, वे शीघ्र ही कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, हमीरपुर (गोल चबूतरा, कलेक्ट्रेट परिसर के पास) में संपर्क करें, ताकि इस महत्वपूर्ण योजना को जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।