

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
कुरारा-हमीरपुर ।13 अप्रैल कस्बा कुरारा में नगर पंचायत के सामने बने नाले की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नाले में गंदगी जमा होने से नालियां बजबजा रही हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी घरों के बाहर और अंदर तो सफाई कर रहे हैं, लेकिन मुख्य नालों की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके चलते क्षेत्र में बदबू और गंदगी से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
वार्ड निवासियों ने बताया कि कई बार सफाई व्यवस्था प्रभारी दुर्गेश कुमार से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। साथ ही मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है।
गुस्साए लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नाले की सफाई कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिले।