
डिण्डौरी विकासखंड मेंहदवानी के ग्राम पंचायत झामझोला में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को तुरंत गांव भेजा गया। बीमार ग्रामीणों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मण्डला, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेंहदवानी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल लगभग 110 लोग भोजन के बाद फूड पॉइजनिंग के कारण अस्वस्थ हो गए थे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डे के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता दीवान, जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. अमित जैन एवं बीएमओ मेंहदवानी डॉ. रनमत सिंह परस्ते की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही स्थिति पूर्ण नियंत्रण में आने तक ग्राम झामझोला में अस्थायी स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और घबराने की कोई बात नहीं है।
इस पूरी कार्यवाही में स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।