मध्यप्रदेश

महापौर श्रीमती सूरी के नेतृत्व में विकास का शंखनाद, दो वार्डों में 28 लाख लागत के कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न

शिवाजी एवं बाबू जगजीवन राम वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को मिलेगा नया आयाम, नागरिकों को होगी बड़ी राहत

महापौर श्रीमती सूरी के नेतृत्व में विकास का शंखनाद, दो वार्डों में 28 लाख लागत के कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न

शिवाजी एवं बाबू जगजीवन राम वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को मिलेगा नया आयाम, नागरिकों को होगी बड़ी राहत

स्वच्छता, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस, वार्डों के समग्र विकास की दिशा में अहम पहल

Related Articles

कटनी (3 अप्रैल) — शहर में आधारभूत सुविधाओं को सशक्त करने और वार्ड स्तर पर विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शुक्रवार को शिवाजी वार्ड एवं बाबू जगजीवन राम वार्ड में लगभग 28 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ, जिसमें महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं श्रीमती फ़ामिदा आफताब चोखेभाई सहित एमआईसी सदस्यों की उपस्थिति रही। भूमिपूजन विधि-विधान के साथ वार्ड के वरिष्ठ नागरिक श्री उमाशंकर वेदी जी के करकमलों से संपन्न कराया गया, जो सामाजिक सहभागिता और वरिष्ठजनों के सम्मान का प्रतीक रहा।

शिवाजी वार्ड में सड़क एवं मुक्तिधाम विकास को मिलेगा नया आयाम

शिवाजी वार्ड में नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगभग 11 लाख रुपए की लागत से कब्रिस्तान मार्ग में सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण यह मार्ग नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था, जिससे अब राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त लगभग 4 लाख रुपए की लागत से मुक्तिधाम में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य कराया जाएगा । इन कार्यों से न केवल सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र की समग्र व्यवस्था में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

बाबू जगजीवन राम वार्ड में नाली कवरिंग से स्वच्छता व स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा

वहीं बाबू जगजीवन राम वार्ड में लगभग 13 लाख रुपए की लागत से विभिन्न स्थानों पर नाली कवरिंग कार्य कराया जाएगा। खुली नालियों के कारण जहां गंदगी, दुर्गंध और जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, वहीं मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। नाली कवरिंग के इस कार्य से इन समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, जिससे वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी और नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से भी राहत मिलेगी।

महापौर ने कहा—विकास कार्यों से बदलेगा शहर का स्वरूप

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। सड़क, स्वच्छता, जल निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए शहर को एक बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

पार्षदों ने कहा—जन अपेक्षाओं के अनुरूप होगा समग्र विकास

क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं श्रीमती फ़ामिदा आफताब ने अपने संबोधन में कहा कि वार्डों में लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान हेतु ये विकास कार्य अत्यंत आवश्यक थे। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को आवागमन, स्वच्छता और दैनिक जीवन की अन्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। पार्षदों ने यह भी आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए वार्डों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद चोखे भाई, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल सहित अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इन विकास कार्यों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध पूर्ण होने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए शहर के निरंतर विकास की कामना की।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!