
बड़वाह (निप्र): खरगोन जिले की जनपद पंचायत बड़वाह के अंतर्गत ग्राम पंचायत सतजना में स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शासन द्वारा लाखों रुपए की लागत से निर्मित ‘सामुदायिक स्वच्छता परिसर’ (शौचालय) देखरेख के अभाव में आज किसी ‘भूतिया खंडहर’ से कम नजर नहीं आ रहा है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि जिस भवन को ग्रामीणों की सुविधा और स्वच्छता के लिए बनाया गया था, उसके चारों ओर झाड़ियों और कचरे का साम्राज्य है। शौचालय के अंदर न पानी की व्यवस्था है और न ही सफाई की। आलम यह है कि चारों तरफ पसरी गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्रामीण इसके पास से गुजरने में भी कतराते हैं। मजबूरन महिलाओं और बुजुर्गों को आज भी खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार मौखिक रूप से सरपंच, सचिव और सहायक सचिव को इस नरक के बारे में अवगत कराया, लेकिन सत्ता के मद में चूर जिम्मेदार इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझ रहे हैं। शासकीय धन का ऐसा दुरुपयोग सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की ओर इशारा करता है।