
छोटे गांव की बेटियों ने रचा इतिहास: टेमनी साहनी की 4 छात्राओं का एक्सीलेंस स्कूल में चयन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना विकासखंड के छोटे से ग्राम टेमनी साहनी ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यहां की शासकीय नवीन माध्यमिक शाला की कक्षा आठवीं में अध्ययनरत चार प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन प्रतिष्ठित एक्सीलेंस स्कूल में कक्षा नौवीं में अध्ययन हेतु हुआ है।
चयनित छात्राओं में कु. नव्या कसलीकर (परासिया), कु. भूमि धुर्वे (परासिया), कु. नंदिनी बगड़ते (परासिया) एवं कु. रजनी तुमड़ाम (परासिया/छिंदवाड़ा) शामिल हैं। इन छात्राओं की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव और विद्यालय के लिए गर्व का विषय बन गई है।

इस उपलब्धि के पीछे छात्राओं की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन प्रमुख कारण रहा। विद्यार्थियों को सही दिशा देने में श्याम कुमार तुमडाम, निखिल भांगे, नितिन घूसे और विनोद गतफने का विशेष सहयोग रहा। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला की शिक्षिका अलका पराड़कर मैडम ने छात्राओं को निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन का परिणाम बताया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर इन बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती।
प्रेरणा का संदेश:
टेमनी साहनी की इन होनहार बेटियों की सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।