A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :जनपद में 475 जोड़ों का सामूहिक विवाह

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की विगत नौ वर्षों की उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय कुछेछा, हमीरपुर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री जलशक्ति विभाग एवं प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रेस वार्ता की तथा आगामी नौ दिवसीय मेले का उद्घाटन किया।

Related Articles

इसी अवसर पर महाविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 475 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया गया। प्रभारी मंत्री ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन बेहद ऐतिहासिक और पुण्यदायी है, जब एक साथ 475 जोड़ों को आशीर्वाद देने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर यह आयोजन जनकल्याण और विकास की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद ने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं और आगे भी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ कार्य जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जनपद हमीरपुर में 1534.73 करोड़ रुपये की लागत से 60.69 किलोमीटर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया गया है। वहीं 1012.23 करोड़ रुपये की लागत से 807 प्रमुख मार्गों पर 2194.28 किलोमीटर सड़कों का निर्माण एवं अनुरक्षण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में 213125 किसानों को 717.136 करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि के रूप में वितरित किए गए हैं। इसके अलावा 302.76 करोड़ रुपये की लागत से हमीरपुर बाईपास निर्माण के अंतर्गत यमुना और बेतवा नदी पर सेतु तथा रोहन नाले का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में 18000 निराश्रित विधवा पेंशन और 53593 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को नियमित लाभ दिया जा रहा है। वहीं 24398 पीएम आवास ग्रामीण, 13136 पीएम आवास शहरी और 2815 सीएम आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकसित भारत के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गांव की सड़कों से लेकर विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, परंपरा से तकनीक और खेती से आधुनिक उद्योग तक प्रदेश में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। कृषि का योगदान लगभग 25 प्रतिशत, प्रति व्यक्ति आय एक लाख रुपये से अधिक तथा बेरोजगारी दर 2.24 प्रतिशत तक नीचे आई है। साथ ही प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान लगभग 10 प्रतिशत तक पहुंचाने में सफल हुआ है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार 50 लाख करोड़ रुपये की निवेश पाइपलाइन तैयार कर चुकी है और पिछले नौ वर्षों में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया। एमएसएमई क्षेत्र में 3 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित किए गए हैं। भयमुक्त वातावरण, बेहतर कानून-व्यवस्था और सिंगल विंडो प्रणाली के कारण आज देश-विदेश के बड़े औद्योगिक घराने उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित हैं।

कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, राठ विधायक श्रीमती मनीषा अनुरागी, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख लाला राम निषाद, सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, डीडीओ राघवेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!