
जनसुनवाई में 24 आवेदकों की समस्याओं पर अपर कलेक्टर श्री अग्निहोत्री ने की सुनवाई, त्वरित निराकरण के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
साप्ताहिक जनसुनवाई: राज्य शासन द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने 24 आवेदकों की समस्याएँ गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, जाति प्रमाण पत्र जारी कराने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभदिलाने तथा खसरा-नक्शा दुरुस्त कराने से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। अपर कलेक्टर श्री अग्निहोत्री ने सभी आवेदनों पर तत्परता से प्रकरण दर्ज करने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न आवेदकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएँ भी प्रस्तुत कीं।
वसंता मसराम, निवासी ग्राम टेमनीसाहनी पोस्ट हिवरासेनाडवार) द्वारा ‘वनाधिकार अधिनियम-2006’ के तहत कृषि भूमि के विभागीय स्वामित्व की जांच एवं पट्टा आवंटन हेतु आवेदन दिया गया। महेन्द्र गजभिये, निवासी जूनापानी ने जी राम जी योजना के अंतर्गत खसरा नंबर 113/2 में कुआं स्वीकृत कराने की मांग की। इसी प्रकार उत्तम हजारे, निवासी राजना ने पुत्र का आधार कार्ड बनवाने, सुषमा डोंगरे, निवासी ग्राम मांगुरली ने कृषिभूमि मौजा जुनेवानी में स्थाई विद्युत कनेक्शन प्रदान करने तथा सलोनी धुर्वे, निवासी ग्राम परसोडी ने ‘वनाधिकार अधिनियम 2006’ के तहत भूमि स्वामित्व जांच एवं पट्टा आवंटन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वर्षा बागडे, निवासी गुरुनानक वार्ड ने आबादी पट्टा प्रदान करने तथा रूपचंद्र गजभिये, निवासी ग्राम खैरीपैका ने स्वामित्व योजना के तहत भू-अभिलेख में नाम जोड़ने के संबंध में आवेदन दिया। जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की।

