
मां कर्मा जयंती पर पांढुर्णा में तेली समाज की एकता का विराट प्रदर्शन, गगनभेदी जयकारों के बीच निकली भव्य बाइक रैली
सभा में समाज के उत्थान पर मंथन, पांढुर्णा में जल्द स्थापित होगी मां कर्मा देवी की भव्य प्रतिमा
संवाददाता – धनंजय जोशी
पांढुर्णा, जिला पांढुर्णा (मध्यप्रदेश)
पांढुर्णा नगर में आराध्य देवी भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के भव्य स्वरूप के साथ मनाई गई। इस अवसर पर तेली समाज संगठन के तत्वावधान में विशाल बाइक रैली और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं, वरिष्ठों तथा मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में “मां कर्मा की जय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भव्य बाइक रैली से गूंजा नगर
मां कर्मा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य बाइक रैली का शुभारंभ संत जगनाडे महाराज की प्रतिमा के समक्ष ह.भ.प. भीमरावजी कोठे महाराज तथा तेली समाज के अध्यक्ष भूषण केवटे द्वारा किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने बाइक के साथ भाग लेते हुए समाज की एकता और उत्साह का परिचय दिया।
यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पंचशील चौक, जलाराम चौक, मार्बल नाला, संतोषी माता वार्ड रोड और पंढरी वार्ड से गुजरते हुए संत जगनाडे महाराज सभागृह पहुंची, जहां आगे चलकर यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।
मां कर्मा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
सभागृह में आयोजित वैचारिक सत्र में वक्ताओं ने मां कर्मा देवी के जीवन, त्याग और उनके चमत्कारिक प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। तेली समाज के अध्यक्ष भूषण केवटे ने अपने उद्बोधन में समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं मदन साहू ने समाज के लोगों से व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई दिशा तय कर सकता है।

महिला सशक्तिकरण पर दिया गया विशेष बल
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को भी प्रमुखता दी गई। तेली समाज महिला संगठन की अध्यक्षा देवीकाताई भांगे ने अपने संबोधन में कहा कि “महिला ही सृजन की आधारशिला है।” उन्होंने मातृशक्ति से समाज के विकास और नव निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मां कर्मा देवी की प्रतिमा स्थापना की ऐतिहासिक घोषणा
कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष भूषण केवटे ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि जिस प्रकार पांढुर्णा में संत जगनाडे महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, उसी प्रकार आने वाले समय में मां कर्मा देवी की भी एक भव्य और आकर्षक प्रतिमा पांढुर्णा नगर में स्थापित की जाएगी। इस घोषणा से उपस्थित समाजबंधुओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इन समाजबंधुओं और मातृशक्ति की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में ह.भ.प. भिमरावजी कोठे, सुनिल धावडे, भूषण केवटे, प्रशांत सांबारे, योगीराज वानोडे, विष्णु लेंडे, मदन साहु, महेश साहु, विनोद साहु, भानु साहु, भिमराव सांबारे, शांताराम केवटे, नरेश वघाले, मनीष मेटांगले, शंकर लेंडे, राम साहु, पुरुषोत्तम वघाले, मोरेश्वर रेवतकर, नारायण लेंडे, विनोद सांबारे, कैलाश बावनकर, रवि बावनकर, नयन घोडे, मनोज घोडे, शेषराव रेवनकर, संजय क्षीरसागर, विजय दुधुलकर, मोरेश्वर ब्रम्हे, उमेश बालपांडे, पंडित विनोद घोडे, विपीन बावनकर, दिनेश क्षीरसागर, निरंजन घोडे तथा दिलीप ढोमणे सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
महिला मंडल की ओर से अध्यक्षा देवीकाताई भांगे, संरक्षक रंजनाताई घाटोडे, उपाध्यक्ष रेवतीताई घोडे, कोषाध्यक्ष रश्मीताई कलमधाड, सचिव शोभाताई घोडे सहित अनेक महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर तेली समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करते हुए समाज में एकता, संगठन और सांस्कृतिक गौरव का सशक्त संदेश दिया।