A2Z सभी खबर सभी जिले की

*शामावि कलाल्दा की छात्राओं ने राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा में लहराया परचम* (छात्राएं ललिता मौर्य और खुशी जमरा ने कठिन परीक्षा में पाई सफलता, शिक्षकों की मेहनत रंग लाई)

*शामावि कलाल्दा की छात्राओं ने राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा में लहराया परचम*
(छात्राएं ललिता मौर्य और खुशी जमरा ने कठिन परीक्षा में पाई सफलता, शिक्षकों की मेहनत रंग लाई)

राहुल सेन मांडव

मो 9669141814

*धार न्यूज*/।धार जिले के विकासखंड उमरबन अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय कलाल्दा की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शासकीय मावि कलाल्दा, संकुल शासकीय उमावि लुन्हैरा बुजुर्ग की कक्षा आठवीं की छात्राएं कुमारी ललिता मौर्य और खुशी जमरा ने वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यह परीक्षा राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित की जाती है और इसे उत्तीर्ण करना काफी कठिन माना जाता है।
राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना होता है। इस परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपनी शिक्षा बिना आर्थिक बाधा के जारी रख सकें। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह उपलब्धि और भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
विद्यालय के शिक्षक श्री भाग्या पटेल की मेहनत और मार्गदर्शन का इस सफलता में विशेष योगदान रहा। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से अतिरिक्त समय देकर परीक्षा की तैयारी करवाई, विषयों की गहन समझ विकसित करवाई और समय-समय पर अभ्यास परीक्षाओं के माध्यम से उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। उनकी इसी लगन और समर्पण का परिणाम है कि विद्यालय की छात्राओं ने इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों और अभिभावकों ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। संकुल प्राचार्य श्री राधेश्याम वास्केल ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तो ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
जन शिक्षक श्री अखिल बहादुर ठाकुर ने भी छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाती है। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सही दिशा और मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी चुनौती को पार कर सकते हैं।
बीएससी श्री देवेंद्र सिंह सोलंकी, बीआरसी श्री राजेश रावल और बीईओ श्री सत्यनारायण सूर्यवंशी ने भी छात्राओं की सफलता पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात होती हैं और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
विद्यालय के प्रभारी श्री भाग्या पटेल ने कहा कि छात्राओं की मेहनत और लगन ही उनकी सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने बताया कि दोनों छात्राएं पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर रही हैं और नियमित अभ्यास के साथ परीक्षा की तैयारी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय के विद्यार्थी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर चंदन जमरा (अतिथि शिक्षक) और ज्योति जायसवाल (अतिथि शिक्षक) ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और अपने परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। ग्रामीण अंचल की इन प्रतिभाशाली छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

Related Articles
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!