
लगन और मेहनत की मिसाल — शासकीय माध्यमिक शाला पारडी के 4 विद्यार्थियों ने NMMS में पाई सफलता
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। इसका प्रेरणादायक उदाहरण जिला पांढुर्णा के शासकीय माध्यमिक शाला पारडी के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया है। राज्य स्तरीय मिन्स-कम-मेरिट (NMMS) छात्रवृत्ति परीक्षा के घोषित परिणाम में विकासखंड पांढुर्णा से कुल 20 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जिनमें से सर्वाधिक 4 विद्यार्थियों का चयन शासकीय माध्यमिक शाला पारडी से होना विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
चयनित विद्यार्थियों में कु. लावण्या नंदू खवशे, कु. साधना ताराचंद बारंगे, कु. भूमिका हेमराज कोरडे और दिमांशु राजकुमार बिन्झाडे शामिल हैं। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलताएँ हासिल कर सकते हैं।
विद्यालय परिवार ने बताया कि विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बीईओ श्री हांडे, बीआरसी श्री ब्रम्हे, बीएसी श्री बाम्बल, एईओ श्री मलिक, संकुल प्राचार्य श्री लोनकर, श्री भादे सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शिक्षक श्री रामदास राऊत, श्री गणेश दु:खी तथा रूपाली नागले ने भी बच्चों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।
शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों की यह सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मार्गदर्शन सही मिले, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।