

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
अलविदा जुमा की नमाज़ में मांगी मुल्क के अमन चैन की दुआएं
मौदहा हमीरपुर। कस्बा सहित क्षेत्र में शुक्रवार को शांति पूर्वक माहौल में अलविदा जुमा की नमाज सकुशल संपन्न हुई। अलविदा जुमा को लेकर पुलिस प्रशासन चौकन्ना दिखाई दिया साथ ही आलाधिकारी नगर का भ्रमण कर जायजा लेते रहें। शुक्रवार को पवित्र माह रमज़ान का अंतिम (अलविदा) जुमा पढ़ा गया, जिसको लेकर सुबह से ही नगरपालिका की टीम साफ-सफाई में जुटी रही। वहीं दिन में 1 बजे नगर सहित क्षेत्र की आधा सैकड़ा मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज़ सकुशल माहौल में संपन्न हुई। अलविदा जुमा की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन नगर सहित क्षेत्र में पूरी तरह से मुस्तैद रहा। कस्बे की जामा मस्जिद में शहर पेश इमाम कारी करामात उल्ला, मस्जिद रहमानियां में कारी सनाउल्लाह, मस्जिद क़ायम कुआं में पेश इमाम मेराजुद्दीन, मस्जिद चौधराना में मौलाना अता उर्रहमान सहित अन्य मस्जिदों में पेश इमामों के द्वारा अलविदा जुमा की नमाज अदा करवाई गई। नमाज के उपरांत मस्जिद में मुसलमानों पर ईदुल फितर पर फर्ज चीजों सहित ईद की नमाज को लेकर की पेश इमामों ने जानकारी दी और आपसी एकता सौहार्द भाईचारा के साथ ईद का पर्व मनाने की आवाम से अपील की। नमाज के बाद देश में अमन चैन के लिए दुआएं मांगी गई। सुरक्षा को लेकर मस्जिदों के आस पास पुलिस तैनात रही जबकि उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय लगातार नगर का भ्रमण करते नज़र आए। साथ ही शहर इमाम ने बताया की ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज 7:45 बजे अदा की जाएगी।