
सिविल अस्पताल सौसर में HPV टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण अभियान का शुभारंभ आज सिविल अस्पताल सौंसर में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। यह टीकाकरण मुख्यतः 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को लक्षित कर किया जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने टीकाकरण के लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा टीकाकरण के लिए पृथक काउंटर, प्रतीक्षालय एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। पहले दिन बड़ी संख्या में बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा महामंत्री श्री राहुल मोहोड, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शुक्ला, सिविल सर्जन प्रतिनिधि, अस्पताल प्रभारी, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग का समस्त अमला उपस्थित रहा।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इस महत्वपूर्ण योजना से जुड़ सकें।
