
पीएमसीओई शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन
वैज्ञानिक आविष्कार एवं नवाचार विषय पर हुआ प्रेरक व्याख्यान
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पीएमसीओई शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं विज्ञान संकाय के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान के मार्गदर्शन में “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस” का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वैज्ञानिक आविष्कार एवं नवाचार” रहा, जिस पर केंद्रित एक प्रेरक व्याख्यान आयोजित किया गया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. शहनाज खान ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति और विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु, शोधोन्मुखी और नवाचार के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

मुख्य वक्ताओं ने वैज्ञानिक आविष्कारों के इतिहास, उनके सामाजिक प्रभाव तथा वर्तमान दौर में नवाचार की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई सोच और अनुसंधान की भावना ही राष्ट्र को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में करियर निर्माण के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र में अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाना और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।
