
अंबेडकरनगर
लोकतंत्र के महापर्व पर पुरुषों की तुलना में आधी आबादी ने मतदान में ज्यादा भागीदारी की। संख्या के आधार पर जहां 58.98 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया तो वहीं 64.4 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान कर पुरुषों को पीछे छोड़ दिया।
विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर में सबसे अधिक 65.68 प्रतिशत महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 19 लाख 11 हजार 297 मतदाताओं की तुलना में 11 लाख 76 हजार 920 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिला सशक्तीकरण को लेकर चले अभियान का बेहतर परिणाम एक दिन पहले शनिवार को अंबेडकरनगर लोकसभा सीट पर होने वाले मतदान में दिखा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए पुरुषों को पीछे छोड़ती हुई महिलाएं घरों से बाहर निकलीं और तेज गर्मी के बावजूद लाइन में लगकर मताधिकार का प्रयोग किया। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संख्या के अनुसार जहां 58.98 प्रतिशत पुरुष मतदान केंद्र तक पहुंचे तो वहीं 64.4 प्रतिशत महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कुल 19 लाख 11 हजार 297 मतदाता हैं। इसमें 9,95,843 पुरुष व 9,15,421 महिला व 33 थर्ड जेंडर शामिल रहे। छठे चरण में हुए मतदान में कुल 11 लाख 76 हजार 920 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 5,87,347 पुरुष जबकि 5,89,568 महिला व पांच थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल रहे। (संवाद)
विधानसभावार यूं हुआ मतदान
विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर में 3,43,998 मतदाताओं की तुलना में 2,18,496 ने मतदान किया। इसमें 1,09,664 पुरुष, 1,08,828 महिला व चार थर्ड जेंडर मतदाता शामिल रहे। इसी प्रकार जलालपुर में कुल 4,18,405 मतदाता में से मतदान करने वाले 2,58,020 में 1,27,244 पुरुष व 1,30,776 महिला ने मतदान किया। टांडा में 3,43,252 में मतदान करने वाले 2,20,807 में 1,12,797 पुरुष, 1,08,009 महिला व एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल रहे। कटेहरी में 4,05,224 में मतदान करने वाले 1,22, 151 पुरुष, 1,26,053 महिला तथा विधानसभा क्षेत्र गोसाईंगंज में 4,00,418 में मतदान करने वाले 2,31,393 में 1,15,491 पुरुष व 1,15,902 महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
सात लाख से अधिक ने नहीं किया मतदान
शनिवार को हुए मतदान में सात लाख 34 हजार 377 मतदाताओं ने मतदान में रुचि नहीं दिखाई। इसमें चार लाख आठ हजार 496 पुरुष, तीन लाख 25 हजार 853 महिला व 28 थर्ड जेंडर शामिल रहे। विधानसभा क्षेत्र गोसाईंगंज में कुल 1,69, 025 ने मतदान नहीं किया। इसी प्रकार कटेहरी में 1,57,020, टांडा में 1,22,445, जलालपुर में 1,60,385 व विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर में 1,25,502 मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचे।