
27 फरवरी 2026
डिण्डौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभागार में जिले के समस्त शासकीय एवं अर्द्धशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं द्वारा छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता के लिए ऑनलाइन आवेदन तो समय पर कर दिए गए हैं, किन्तु संबंधित नोडल कॉलेजों द्वारा समय पर सत्यापन न किए जाने के कारण अनेक विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त नहीं हो सका है।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन सुनिश्चित करें तथा छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता के सभी लंबित आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन 5 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन महाविद्यालयों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता का लाभ उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और वे निर्बाध रूप से अपनी शिक्षा जारी रख सकें।