
दिव्यांग अमरलाल की पुकार: मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए कलेक्टर से गुहार
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा में भाजपा पार्षद दुर्गेश उइके की पहल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पांढुर्णा। जिले के एक दिव्यांग नागरिक अमरलाल धुर्वे को शासन की महत्वपूर्ण योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। आर्थिक और शारीरिक रूप से परेशान अमरलाल धुर्वे ने दैनिक जीवन की कठिनाइयों को देखते हुए इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि अमरलाल धुर्वे लंबे समय से शारीरिक रूप से अक्षम हैं और उन्हें आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घर से बाहर निकलना, उपचार के लिए अस्पताल जाना या अन्य आवश्यक कार्य करना उनके लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गया है। शासन की दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं के अंतर्गत मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का प्रावधान होने के बावजूद उन्हें अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।
इस मानवीय विषय को गंभीरता से लेते हुए पांढुर्णा नगर पालिका के भाजपा पार्षद दुर्गेश उइके ने पहल की। उन्होंने पीड़ित अमरलाल धुर्वे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इलेक्ट्रिक मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से अमरलाल धुर्वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और उन्हें दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। पार्षद उइके ने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन से अपेक्षा जताई कि दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहूलियत मिल सके।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मानवीय पहल पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और अमरलाल धुर्वे को कब तक राहत मिलती है।
