जिला मुख्यालय को स्वच्छ, सुंदर और साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने जा रहा है। एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार दुकानों के सामने कचरा फैलाने वाले व्यापारियों पर बीएनएस की धारा 135 के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं सड़कों पर कचरा फेंकने या गंदगी फैलाने वाले लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि शहर की साफ-सफाई बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अभियान का उद्देश्य डिंडोरी को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाना है।
एसडीएम के इस फैसले का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि इस प्रकार की सख्ती से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों में जागरूकता भी बढ़ेगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें, ताकि “साफ शहर, स्वस्थ जीवन” का सपना साकार हो सके।
0 1 minute read

