
डिंडौरी : 25 फरवरी, 2026
सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में स्थायी समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों एवं उनके सामाजिक अंकेक्षण प्रतिवेदनों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला समन्वयक सामाजिक अंकेक्षण श्री कृष्णकांत दुबे द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम अंतर्गत कराए गए कार्यों, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के तहत प्रदत्त अनुग्रह सहायता तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से संबंधित सामाजिक अंकेक्षण प्रतिवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि सामाजिक अंकेक्षण में प्राप्त मुद्दों के निराकरण हेतु आगामी माह में विकासखंड स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया जाए तथा निराकरण प्रतिवेदन समयसीमा में पोर्टल पर दर्ज किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक मनरेगा अंतर्गत वित्तीय अनियमितता, वित्तीय विचलन एवं प्रक्रिया उल्लंघन से संबंधित प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर परीक्षण कर नियमानुसार वसूली की कार्यवाही हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डिण्डौरी सुश्री भारती मेरावी सहित समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं स्थायी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।