
*लोधीखेड़ा में तीन दिवसीय श्री नारायण देव मछिन्द्रनाथ भोई समाज महाबीज महापूजा का भव्य समापन*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – पांढुर्ना ज़िले के अंतर्गत आने वाले ग्राम लोधीखेड़ा में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री नारायण देव मछिन्द्रनाथ भोई समाज महाबीज महापूजा का भव्य शुभारंभ शनिवार को श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के साथ किया गया। यह तीन दिवसीय आयोजन नगर स्थित श्री नारायण देव मंदिर में आयोजनकर्ता श्री संभाजी बावने के नेतृत्व में संपन्न हो रहा है।

मछिन्द्रनाथ भोई समाज संगठन द्वारा आयोजित इस महापूजा के प्रथम दिवस प्रातःकाल श्री नारायण देव के समर्पण में समाज के परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात नगर में विशाल श्री पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें समाजजन पारंपरिक वेशभूषा के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पालकी यात्रा ने नगर भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं में भक्तिमय वातावरण का संचार किया।

इसके पश्चात आसपास के विभिन्न ग्रामों से पधारी भजन मंडलियों द्वारा एक से बढ़कर एक भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में आस-पास के समस्त ग्रामों से भोई समाज के प्रतिनिधि, वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का सशक्त उदाहरण बना।

रविवार की रात्रिकालीन बेला में कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सौसर के पूर्व विधायक श्री अजय भाऊ चौरे जी का आगमन हुआ। आयोजन समिति द्वारा उन्हें श्री नारायण देव की प्रतिमा भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।

इस अवसर पर मछुआरा प्रकोष्ठ ज़िला अध्यक्ष श्री दिनेश जी लाड़से, मछुआरा प्रकोष्ठ ज़िला महामंत्री (अधिवक्ता) श्री चेतन कुमार सुरजुसे (पांढुर्ना), पिपला के वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रमेश जी तुमाने, मछुआरा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष श्री रामदास जी बावने, भाजपा नेता श्री कैलाश जी ठाकरे, शैलेश जी मोरे, देवगन अवझे, गजानन जी कोचे सहित अनेक समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक अपनी-अपनी टीम के साथ आयोजन में सम्मिलित हुए।
सभी अतिथियों एवं समाजजनों ने आयोजनकर्ता श्री संभाजी बावने का उत्साहवर्धन करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा आगामी दिनों में भी इसी तरह सामाजिक व धार्मिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
सोमवार को अंतिम दिन भजन गायक सनी अलबेला के कीर्तन का भव्य कार्यक्रम हुआ ,जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित कर महापूजा का समापन हुआ। अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय यह महापूजा कार्यक्रम श्रद्धा, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का जीवंत प्रतीक बनकर क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।