

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)।जिले में पिछले कई दिनों से बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों के बीच बुधवार दोपहर एक बच्ची को पकड़कर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बाबा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मौदहा कस्बे के मोहल्ला क्योटरा निवासी रामपाल पुत्र रामचरन ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि बुधवार दोपहर उनकी नातिन स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक बाबा ने उसे पकड़कर ले जाने का प्रयास किया। तभी पीछे से आ रहे उसके भाई ने बहन को खींच लिया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाबा को पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
