

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। नगर की एक सरकारी उचित दर दुकान पर कथित घटतौली, अभद्रता और ₹100 की अवैध वसूली के आरोपों को लेकर बुधवार को माहौल गरमा गया। एक दर्जन से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं में सभासद रमजानी, हेमराज, सभासद आरिफ चौधरी, विनय तिवारी, आशीष गोस्वामी, दीपू, अमन कुमार व मोईन समेत अन्य नगरवासी शामिल रहे। उन्होंने उपजिलाधिकारी करन वीर सिंह को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि अजय गुप्ता के नाम से संचालित उचित दर दुकान पर राशन वितरण के दौरान कम तौल कर अनाज दिया जाता है और प्रति कार्डधारक ₹100 नकद लेकर कम गुणवत्ता का अतिरिक्त सामान थमाया जाता है।
आरोप है कि जो उपभोक्ता ₹100 देने से इनकार करता है, उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पहले भी इस संबंध में जिला पूर्ति विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उनका दावा है कि कार्डधारकों से पहले अंगूठा लगवा लिया जाता है, उसके बाद जबरन अतिरिक्त सामान देकर रकम ली जाती है।