
मांडू में 11 छात्राओं को मिलीं साइकिलेंः
मुख्यमंत्री योजना के तहत 9वीं कक्षा की छात्राओं को मिला लाभ

राहुल सेन मांडव
मो 9669141814
मांडू न्यूज/मांडू के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में शनिवार को ‘मुख्यमंत्री निशुल्क साइकिल वितरण योजना’ के तहत 9वीं में पढ़ने वाली 11 छात्राओं को नई साइकिलें दी गईं। साइकिलें मिलते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शासन के प्रति आभार जताया।
साधनों के अभाव में नहीं रुकेगी शिक्षा
मांडू नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जयराम गावर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा साधनों की कमी की वजह से स्कूल जाने से न रुके।
गावर ने कहा कि साइकिल मिलने से न केवल छात्राओं के समय की बचत होगी, बल्कि वे आत्मनिर्भर होकर और ज्यादा आत्मविश्वास के साथ नियमित स्कूल आ सकेंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत कर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।छात्राएं बोलीं- पैदल आने की परेशानी हुई खत्म
साइकिल पाने वाली छात्राओं में कुमारी कांति कटारे और रिंकू कटारे ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि उन्हें पहले घर से स्कूल तक का लंबा रास्ता पैदल तय करना पड़ता था, जिसमें काफी समय बर्बाद होता था।
अब साइकिल की मदद से वे मात्र 10 मिनट में स्कूल पहुंच जाएंगी। छात्राओं ने कहा कि इस मदद से उनके जीवन में गति आई है और अब वे अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगी।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर मांडू नगर परिषद उपाध्यक्ष कृष्णा यादव, पार्षद मानसिंह गिनावा, पार्षद प्रतिनिधि नंदू वसुनिया सहित स्कूल के प्राचार्य सोम सिंह वास्केल उपस्थित थे। साथ ही वरिष्ठ शिक्षक मूलसिंह सिंघारे, रविंद्र पवार, संजय तिवारी, हेमंत यादव और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
