

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर, हमीरपुर। “साहित्य संगीत और कला” साधकों को समर्पित संस्था, कलार्पण जनपद हमीरपुर के द्वारा वसंतपंचमी, माँ सरस्वती पूजन, महाकवि सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला जी के जन्म दिवस तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुभाष चन्द्र बोस जी के जन्मदिवस पर लालूसिंह पब्लिक स्कूल सुमेरपुर में हवन पूजन के उपरांत कवि गोष्ठी का आयोजन सम्पन्न हुआ।
कवि गोष्ठी की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष शिवकरण सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन मंत्री कैलाश प्रसाद सोनी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश प्रमुख रेवती कुमार पाठक, सम्मानित अतिथि प्रदेश सचिव देवनारायण सोनी और हास्यकवि दिनेश कुमार दुबे जी मंचासीन रहे।
हरीराम गुप्त ‘निरपेक्ष ने माँ सरस्वती की वंदना पढ़ने के उपरांत ऋतुराज का स्वागत करते हुए पढ़ा -“सर सरिता सहलाय, पवनिया चलती सर सर। अभिनन्दन ऋतुराज, कर रहा मौसम पतझर।।”,
कवि राजेंद्र प्रेमी ने पढ़ा – “प्रिय वसंत तेरा आगमन गद गद होता हृदय चमन। आज निराला तुम्हें नमन”, भौली से पधारे कवि कमलेश सिंह गौर की कविता-“उड़ उड़ पत्ते बाँट रहे, संदेसा ऋतुपति आने का।”,
शायर वीरेंद्र पाल ‘शजर’ ने पढ़ा -“जब से आया सखी बसंत, मेरा मन हो गया महंत।”, उपाध्यक्ष नीतिराज सिंह ने पढ़ा- “ओढ़ चुनरिया सतरंगी अब ऋतु बसंती आई है।”,
वरिष्ठ कवि मुन्नीलाल अवस्थी जी ने कहा- “फूल सजे बगिया में, अमराई अंगिया में, कुछ कुछ टटोल रही, बसंती डोल रही।”, अध्यक्ष शिवकरण सिंह ‘सरस’ने गाया- “कैसे स्वागत करूँ तुम्हारा, तुम हो अविरल गंगा धारा।”, प्रांतीय मंत्री आचार्य देवनारायण सोनी ने पढ़ा –
“सच्चे साथी पूछा नहीं निभाया करते हैं।”, कवि अवधेश कुमार साहू’ बेचैन’ने पूछा – “और सुनो बसंत की राह अभी रुकी हुई, क्या पतझड़ की काली छाया है।”, हास्यकवि दिनेश दुबे घाटमपुर ने गुदगुदाते हुए पढ़ा- “सुख का होता आगमन, दुःख का होता अंत। ऋतुओं में सरताज है, यह ऋतुराज बसंत।।”, सायर मु0 सलीम ने पढ़ा- ‘जिसके स्वागत में फूल खिले, ऋतु राजा आया बसंत।”, कवि हरी प्रकाश कुशवाहा मौदहा ने पढ़ा- “मेरी मैया तू वीणा बजा दे जरा, स्वर जगा दे जरा, गा के आराधना हम करें मातु तेरी।”, मंत्री और संचालक कैलाश प्रसाद सोनी ने पढ़ा- “बीता हेमंत छाया बसंत, तरु पादप सब किसलाये हैं।”, गोष्ठी के संयोजक हरीराम गुप्त ‘निरपेक्ष’ ने सभी कवियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला अपराध निरोधक कमेटी हमीरपुर के सचिव /अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हमीरपुर तथा विद्यालय के अध्यापक छात्र मौजूद रहे।
