

*संगठन को धार देने में जुटी कांग्रेस: कटनी के 4 वार्डों में हुआ वार्ड कमेटियों का गठन*
कटनी। आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर ‘वार्ड माइक्रो-मैनेजमेंट’ पर फोकस कर रही है। इसी कड़ी में नगर के चार प्रमुख वार्डों में सर्वसम्मति से वार्ड कमेटियों का गठन किया गया।
*इन वार्डों में मिली नई जिम्मेदारी*
संगठन विस्तार के तहत बाल गंगाधर तिलक वार्ड, बिरसा मुंडा वार्ड, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड और राममनोहर लोहिया वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में सर्वसम्मति से वार्ड अध्यक्षों और कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
- *जनता की आवाज बनेगा संगठन: अमित शुक्ला*
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। वार्ड कमेटियों के सक्रिय होने से अब जनता की छोटी से छोटी समस्या को भी हम शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठा सकेंगे।”
*एकजुटता का संकल्प*
विधानसभा प्रभारी राजेश चौबे और ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। बैठक में मुख्य रूप से दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, ओम प्रकाश मुन्ना कुशवाहा, अभय खरे, तुलाराम गोटिया सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी चुनौतियों का सामना करने और संगठन को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया।