A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेमध्यप्रदेशरीवा

रीवा में थमा चुनावी शोर, मतदान सामग्री और ईव्हीएम के साथ मतदान दल कल होंगे रवाना ?

रीवा। लोकसभा निर्वाचन 2024 में रीवा संसदीय क्षेत्र-10 के लिए मतदान 26 अप्रैल को कराया जाएगा। जिसके लिए 48 घंटे पहले यानी आज शाम से चुनावी प्रचाार थम गया है। अब मतदान तक प्रत्याशी डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकते हैं। मतदान प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतदान के लिए कुल 2014 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें ईव्हीएम से मतदान कराया जायेगा।

मतदान दल मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम के साथ 25 अप्रैल को इंजीनियरिंग कालेज से निर्धारित अपने मतदान केन्द्र के लिए प्रस्थान करेंगे। रीवा संसदीय क्षेत्र में शामिल सभी आठ विधानसभाओं सेमरिया, सिरमौर, मनगवां, रीवा, गुढ़, देवतालाब, मऊगंज तथा त्योंथर के लिए मतदान सामग्री तथा ईव्हीएम के वितरण के लिए विधानसभावार अलग-अलग काउंटर बनाये गये हैं। इनमें सेक्टर आफीसरों की उपस्थिति में प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से मतदान सामग्री का वितरण कराया जाएगा। मतदान सपन्न होने के बाद इंजीनियरिंग कालेज में ही ईव्हीएम तथा मतदान सामग्री जमा की जायेगी।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने इंजीनियरिंग कालेज का भ्रमण कर मतदान सामग्री का वितरण के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि सामग्री वितरण तथा जमा करने के लिए तैनात कर्मचारी एवं रिजर्व कर्मचारी 26 अप्रैल को सामग्री जमा होने तक परिसर में ही रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को नियत समय पर उपस्थिति के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में सामग्री वितरण के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने वाहनों की पार्किंग, अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए भोजन व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सभी सेक्टर आफीसर अपने मतदान दलों के साथ यहां से रवाना होंगे तथा मतदान दलों के मतदान केन्द्रों में पहुंचने की रिपोर्ट भेजगें। मतदान दल सामग्री प्राप्त करने के बाद चेकलिस्ट के साथ उसका मिलान करके यहां से रवाना होंगे। सभी रिटर्निंग आफीसर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मतदान केन्द्रों में मतदान दलों के ठहरने, भोजन, साफ-सफाई, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। प्रत्येक मतदान केन्द्र में एक स्थानीय कर्मचारी मतदान दलों के सहयोग के लिए उपस्थित रहे।

वाहनों में लगा है जीपीएस सिस्टम
कलेक्टर ने कहा कि मतदान दलों को ले जाने वाले सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया है। कन्ट्रोल रूम से सभी वाहनों की मानीटरिंग करें कोई वाहन खराब होता है तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करें। निरीक्षण के समय उपस्थित आयुक्त नगर निगम तथा नोडल अधिकारी सामग्री वितरण श्रीमती संस्कृति जैन ने बताया कि सामग्री वितरण स्थल के समीप ही वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था है। रिजर्व मतदान कर्मियों तथा माईक्रो आर्ब्जवर के लिए भी पृथक से स्थान निर्धारित किये गये हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सौरभ सोनवणे, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले सहित सभी सहायक रिटर्निंग आफीसर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में शहरी क्षेत्र में बनाए गए 143 पिंक पोलिंग बूथ
जिले भर में 2014 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 143 मतदान केन्द्र पिंक बूथ बनाए गए हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले ने बताया कि पिंक पोलिंग बूथ में मतदान दल के सभी सदस्य महिलाएं हैं। निर्वाचन कार्य में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पिंक पोलिंग बूथ बनाए गये हैं। विधानसभा क्षेत्र रीवा का अधिकांश क्षेत्र शहरी है। विधानसभा क्षेत्र रीवा में 90 पिंक पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र सिरमौर में 10, सेमरिया में 6, त्योंथर में 5 मऊगंज में 10, देवतालाब में 6, मनगवां में 6 तथा गुढ़ में 10 मतदान केन्द्र पिंक पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान
लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए रीवा संसदीय क्षेत्र क्रमांक 10 में 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

मतदान के लिए 2014 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान समाप्ति के समय यदि कोई मतदाता मतदान केन्द्र के परिसर में आ जाता है तो पीठीसीन अधिकारी उसे पर्ची देकर मतदान कराएंगे। निर्धारित समय समाप्ति से पाँच मिनट पहले तक परिसर में जितने भी मतदाता मतदान के लिए शेष होंगे उन सबको पीठासीन अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित पर्ची दी जाएगी। इनके मतदान करने के बाद मतदान समाप्त होगा।

 

 

 

Show More

AKHAND BHARAT NEWS

AKHAND BHARAT NEWS
Back to top button
error: Content is protected !!