

*जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग चैड़ीकरण हेतु अभियान चलाकर चिन्हित 7 संरचनाओं को हटाने की गई कार्यवाही*
*गुरुवार को पुनः वृहद स्तर पर की जाएगी कार्यवाही*
कटनी / शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक प्रस्तावित शेष मार्ग के चैड़ीकरण कार्य के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा बुधवार को सयुक्त अभियान चलाकर मार्ग में बाधक बन रही चिन्हित 7 चिन्हित संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही राजस्व विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त अमले की मौजूदगी में की गई।
निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह नें बताया कि जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग चैड़ीकरण की योजना के अंतर्गत पहले से चिन्हित अतिक्रमणों एवं स्थायी संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से निरंतर जारी है। बुधवार को की गई कार्यवाही के दौरान संबंधित दुकानदारों एवं भवन स्वामियों को पूर्व में दिए गए नोटिस के आधार पर संरचनाएं हटाई गईं, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार स्थल के कुछ दुकानदारों द्वारा दुकान में रखी सामग्री को अलग करने हेतु की गई मांग को दृष्टिगत रखते हुए आज उक्त स्थलों पर चिन्हित संरचाओं को हटाने की कार्यवाही नहीं की गई। गुरुवार को इसी मार्ग पर पुनः वृहद स्तर पर अभियान संचालित किया जाएगा, जिसमें शेष अतिक्रमणों को हटाने के साथ ही निर्माण कार्य के लिए मार्ग को पूरी तरह तैयार किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान सहयोग करें तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर शहर के विकास कार्यों में सहभागिता निभाएं।
मार्ग चैड़ीकरण के पूर्ण होने से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय व्यवसाय भी सुदृढ़ होगा तथा विकास कार्य पूर्ण होनें से शहर की सौंदर्यता में वृद्धि होगी।