
*तांत्रिक हत्या कांड का पर्दाफाश, सुपारी किलिंग का खुलासा
*
संयुक्त पुलिस कार्रवाई में वांछित अभियुक्त अवैध तमंचे संग गिरफ्तार
बस्ती जनपद के थाना दुबौलिया क्षेत्र में हुए सनसनीखेज तांत्रिक हत्या कांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक और महत्वपूर्ण अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। थाना दुबौलिया, थाना कलवारी, एसओजी टीम बस्ती एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या कांड में वांछित अभियुक्त अरुण कुमार को अवैध तमंचे व मोटरसाइकिल के साथ धर दबोचा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मु0अ0सं0 233/2025 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज मामले में अभियुक्त अरुण कुमार पुत्र राम बुझारत, निवासी भट्ट पुरवा थाना दुबौलिया जनपद बस्ती को दिनांक 18 जनवरी 2026 को ग्राम पायकपुर क्षेत्र स्थित रामजानकी मार्ग से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से एक अदद 12 बोर तमंचा, टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा ₹1020 नकद बरामद किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2025 को थाना दुबौलिया क्षेत्र के ग्राम बेमहरी टोला खून्नी (खुनीपुरवा) में रामजीत उर्फ घरभरन (उम्र लगभग 58 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। विवेचना के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हत्या तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ी सुपारी किलिंग थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त लवकुश उर्फ लालचंद ने मृतक रामजीत उर्फ घरभरन की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसे अभियुक्त सजरे आलम, विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी और अरुण कुमार द्वारा अंजाम दिया गया। इस मामले में पूर्व में लवकुश उर्फ लालचंद, सजरे आलम एवं विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अब अरुण कुमार की गिरफ्तारी के साथ इस जघन्य हत्याकांड की पूरी साजिश बेनकाब हो चुकी है।
पुलिस की सटीक रणनीति, सतर्क सर्विलांस और संयुक्त टीम की मेहनत से तांत्रिक हत्या जैसे अंधविश्वास और अपराध से जुड़े कृत्य का पर्दाफाश हुआ है। यह कार्रवाई न केवल अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। बस्ती पुलिस की इस बड़ी सफलता से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्टर
संतोष कुमार
अखंड भारत न्यूज बस्ती
