

स्वामी विवेकानन्द जयंती पर जागा राष्ट्रभाव, युवाओं की दौड़ बनी आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे ने स्वदेशी भारत की प्रेरणा दी युवाओं को किया जागरूक
नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति के तत्वावधान मे मनाया गया विवेकानंद जयंती विभिन्न प्रतियोगिताओं का संग्रह
विजयराघवगढ़ स्वामी विवेकानन्द जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर जब युवा ऊर्जा अनुशासन और राष्ट्रभक्ति एक साथ उमड़ पड़ी तो वातावरण केवल उत्सव का नहीं बल्कि नवचेतना और नवसंकल्प का तीर्थ बन गया। नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं युवा उत्सव कार्यक्रम ने हर मन में स्वामी विवेकानन्द के विचारों की लौ जला दी।कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप की लौ जैसे यह संदेश दे रही थी कि उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी हरीश दुबे की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। शासकीय उत्कर्ष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया सामूहिक सूर्य नमस्कार ऐसा दृश्य था जिसने उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के मन में ऊर्जा और अनुशासन का संचार कर दिया। अनुशासित पंक्तियाँ एक लय में उठते हाथ और झुकते मस्तक मानो भविष्य की मजबूत पीढ़ी का साक्षात दर्शन हो रहा हो। राष्ट्रहित स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सुदृढ़ करने के लिए आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ किला प्रांगण से चौराहा तक संपन्न हुई। छात्राओं का उत्साह अनुशासन और चेहरे पर गर्व यह बता रहा था कि आज की पीढ़ी केवल दौड़ नहीं रही वह राष्ट्र के भविष्य की ओर कदम बढ़ा रही है। इस दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया प्रथम स्थान वंदना पटेल द्वितीय स्थान अर्चना केवट तृतीय स्थान भावना प्रजापति विद्यालय परिसर से मझिगमा तक निकली स्वदेशी संकल्प रैली ने आमजन के हृदय में राष्ट्रभक्ति और स्वदेशी के भाव को और गहरा किया। हाथों में तिरंगा होठों पर संकल्प और आंखों में उज्ज्वल भारत का सपना यह दृश्य हर किसी को भावुक कर गया। इसी क्रम में कैमोर सेक्टर के नन्हवरकला गांव के विद्यालय में भी राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा सूर्य नमस्कार संकल्प दौड़ एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।नन्हवरकला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री नन्हे सिंह बागरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रेरणादायी संचालन एवं पुरस्कार वितरण श्री शिवदत्त सोनी द्वारा किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानन्द के विचारों को जीवन में उतारने अनुशासन अपनाने स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और जब युवा जाग जाते हैं तब राष्ट्र स्वयं जाग उठता है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण स्वदेशी अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस प्रेरणादायी आयोजन को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती आरती गुप्ता के नेतृत्व में नवांकुर संस्था सेक्टर क्रमांक 3 राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा अत्यंत सफल सुव्यवस्थित और भावनात्मक रूप से यादगार बनाया गया।